प्रधानमंत्री ने महंगाई पर नियंत्रण पाने के लिये मुख्यमंत्रियों से कृषि उत्पादकता बढ़ाने की अपील की
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, जुलाई 24, 2010
कृषि उत्पादकता बढ़ाना ही सर्वोत्तम नीति: प्रधानमंत्री
नई दिल्ली में राष्ट्रीय विकास परिषद की बैठक को संबोधित करते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में उत्पादकता को बढ़ाना ही महंगाई को नियंत्रित करने का सर्वोत्तम तरीका है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे न केवल महंगाई पर नियंत्रण लगेगा बल्कि किसानों का मुनाफा बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में जनता के जीवन स्तर में सुधार होगा.
शनिवार को राष्ट्रीय विकास परिषद की 55वीं बैठक में बोलते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि महंगाई दर के बढ़े होने की मुख्य वजह खाद्य पदार्थों की कीमतों का बढ़ना है जो थोक मूल्य सूचकांक में दिखाई पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि अच्छे मानसून की वजह से इस बार फसल अच्छी होने की उम्मीद है जिसकी वजह से खाद्यान्न की कीमतों में नरमी दिखायी देगी. प्रधानमंत्री ने ये भी कहा कि इस साल दिसंबर तक महंगाई दर गिरकर 6 प्रतिशत के करीब पहुंच जायेगी.