केंद्र सरकार ने किशोर बालिकाओं के सशक्तीकरण के लिये 'सबला' योजना को मंजूरी दी
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अगस्त 16, 2010
200 जिलों की 11-18 वर्ष की बालिकाओं को इसका लाभ मिलेगा
एक महत्वपूर्ण निर्णय में कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति ने सोमवार को किशोर बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिये राजीव गांधी बालिका सशक्तीकरण योजना को अपनी मंजूरी दे दी है.
इस योजना को 'सबला' के नाम से भी जाना जाता है. देश के चुने हुये 200 जिलों में इस योजना को लागू किया जायेगा जिससे इन जिलों की 11 से 18 वर्ष की आयु की लड़कियों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा.
इस योजना का उद्देश्य इन बालिकाओं के आर्थिक स्तर को उठाना और उन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना है. इसे आंगनवाड़ी केंद्रों और दूसरी सरकारी योजनाओं के जरिये लागू किया जायेगा.
इस योजना के तहत इन बालिकाओं को घर ले जाने के लिये राशन दिया जायेगा. इसके तहत प्रत्येल लाभार्थी को 600 कैलोरीयुक्त भोजन और 18-20 ग्राम प्रोटीन वर्ष में 300 दिन केवल पांच रुपये पर उपलब्ध करवायी जायेगी. इस योजना का लाभ उन बालिकाओं को भी मिल सकेगा जो कहीं पढ़ने नहीं जाती हैं और इस तरह से मिड-डे मील योजना का फायदा जिन्हें नहीं मिल पाता है.
सरकार ने ग्यारहवीं पंचवर्षीय योजना की शेष अवधि के लिये 4500 करोड़ रुपये का प्रावधान इस योजना के लिये किया है.