ट्राई (TRAI) ने लैंड लाइन नंबरों को भी दस अंको का करने को कहा
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अगस्त 21, 2010
मौजूदा व्यवस्था केवल 75 करोड़ नंबरों के लिये ही पर्याप्त
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने मोबाइल और फिक्स्ड लाइन के नंबरो के लिये एक एकीकृत प्रणाली बनाने का सुझाव दिया है. हाल ही में ट्राई द्वारा 'अंक प्रणाली के अधिकतम उपयोग' नाम से जारी सुझावों में ट्राई ने मोबाइल और फोन दोनों ही नंबरों को दस अंक का बनाने का सुझाव दिया है.
ट्राई की विज्ञप्ति के अनुसार इस तरीके से ज्यादा से ज्यादा फोन और मोबाइल नंबर का विकल्प ग्राहकों को मिलेगा और टेलीकॉम क्षेत्र में वृद्धि की तेज गति को देखते हुये ये अगले तीस-चालीस वर्षों के लिये पर्याप्त रहेगा.
2003 में मंजूर की गई वर्तमान राष्ट्रीय संख्या योजना 2003 को 75 करोड़ अनुमानित ग्राहक संख्या के आधार पर बनाया गया था. इसमें 2030 तक 45 करोड़ मोबाइल नंबर और 30 करोड़ लैंड लाइन नंबरों को समायोजित करने की क्षमता है.
लेकिन 2009 में ही देश में मोबाइल धारकों की संख्या 45 करोड़ को पार कर जाने की वजह से इस व्यवस्था की तुरंत समीक्षा की आवश्यकता पड़ गई ताकि सेवाओं में व्यवधान उत्पन्न होने से रोका जा सके.
ट्राई ने कहा है कि अगले वर्ष के अंत तक नई नंबर प्रणाली को लागू कर दिया जाना चाहिये.