पंजाब नेशनल बैंक ने अप्रवासी भारतीयों के भारत धन भेजने के लिये NRI Remit India सेवा आरंभ की
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अगस्त 28, 2010
बैंक के सीएमडी के आर कामथ ने शुरू की योजना
सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक पीएनबी ने शनिवार को दो सेवाओं को शुरू किया है. इसमें से एक पीएनबी एनआरआई रिमिट इंडिया योजना का लाभ अप्रवासी भारतीय स्वदेश में धन भेजने के लिये कर सकेंगे. पंजाब नेशनल बैंक के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के. आर. कामथ ने शनिवार को मुंबई में इसके साथ ही RET AD योजना का भी शुभारंभ किया.
श्री कामथ ने इस अवसर पर कहा कि NRI Remit India योजना का उद्देश्य अमेरिका में रहने वाले भारतीयों को स्वदेश पैसा भेजने का एक सुगम जरिया मुहैया कराना है. पंजाब नेशनल बैंक ने इस योजना को न्यू यार्क के बैंक ऑफ न्यू यार्क मेलोन के सहयोग से लांच किया है.
जबकि RETAD एक ऑनलाइन रिपोर्टिंग सिस्टम है जिसके जरिये विदेशी मुद्रा में लेन देन करने वाली बैंक की शाखाओं को जोड़ा गया है. इस प्रणाली के अन्तर्गत विदेशी मुद्रा के क्रय विक्रय की सूचना का आदान प्रदान किया जा सकेगा.
इस अवसर पर बैंक ने पीएनबी वल्ड ट्रैवल कॉर्ड को दोबारा से लांच किया. विदेश यात्रा पर जाने वाले पर्यटक या यात्री इस कॉर्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं उन्हें अपने साथ नकद धन रखने की जरूरत नहीं है. ये कॉर्ड अमेरिकी डॉलर, यूरो और ब्रिटिश पाउण्ड में उपलब्ध है.
इस अवसर पर न्यू यार्क मेलोन बैंक के अनीस कुमार और निशा परेरा भी उपस्थित थे. श्री कुमार न्यू यार्क बैंक की ट्रेजरी सेवाओं के भारतीय उप महाद्वीप के प्रबंध निदेशक हैं जबकि निशा परेरा बैंक ऑफ न्यू यार्क मेलोन की उपाध्यक्ष हैं.