माओवादियों के हमले में बिहार में 10 पुलिस कर्मियों की मौत
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, अगस्त 30, 2010
बिहार के लक्खीसराय में रविवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों की मुठभेड़ में दस पुलिस कर्मियों की मौत हो गयी है. स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार ये मुठभेड़ कजरा थाना क्षेत्र के निकट पुनाडीह गांव में स्थित एक पहाड़ी के पास हुई.
सोमवार तक केवल पांच पुलिस कर्मियों की मौत की ही पुष्टि हो पाई थी. लेकिन बाद में हई तलाश में बाकी पुलिस वालों के शव भी बरामद कर लिये गये हैं.
माओवादी मारे गये पुलिस कर्मियों के शस्त्र अपने साथ लेकर भागने में सफल रहे.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस मुठभेड़ में माओवादी भी मारे गये हैं लेकिन वे अपने साथियों के शव अपने साथ लेकर भागने में सफल रहे.
बिहार के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने कहा कि एक पुलिस उप निरीक्षक सहित 10 पुलिस कर्मी अभी तक अपने शिविर वापस नहीं लौटे हैं. माओवादियों की तलाश के लिये जिले में अतिरिक्त पुलिस बल रवाना कर दिया गया है.