अपह्रत पुलिसकर्मी का शव बरामद, बिहार ने केंद्र से अर्धसैनिक बलों के 4 हजार अतिरिक्त जवान मांगे
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस
नई दिल्ली, सितंबर 03, 2010
गुरुवार को लुकास टेटे का शव बरामद
शुक्रवार को बिहार पुलिस के हवलदार लुकास टेटे का गोलियों से छलनी शव मिलने के बाद नीतीश कुमार सरकार ने माओवादियों के खिलाफ अभियान तेज करने के लिये सरकार से उसे अर्धसैनिक बलों के 4 हजार अतिरिक्त जवान उपलब्ध कराने को कहा है.
शुक्रवार को लखीसराय जिले के कजरा पुलिस थाना क्षेत्र में पड़ने वाले सिमरा तारी श्रृंगरिषि बांध के पास लुकास टेटे का शव पुलिस को मिला था.
इस शव के साथ माओवादियों ने एक पर्चा भी छोड़ा था जिसमें लिखा हुआ है कि यदि उनके 8 साथियों को जल्द ही रिहा नहीं किया गया तो उनके कब्जे में मौजूद बाकी के तीन पुलिस कर्मियों को भी मौत के घाट उतार दिया जाएगा.
गुरुवार को अपना नाम अविनाश बताने वाले एक व्यक्ति ने कुछ मीडिया संगठनों कोफोन करके दावा किया था कि वह माओवादियों का प्रवक्ता है और माओवादियों ने अपने कब्जे में मौजूद बिहार पुलिस उप निरीक्षक अभय यादव की हत्या कर दी है.
माओवादियों ने शेष बंधकों की भी हत्या की धमकी दी
हालांकि बाद में पुलिस ने एक शव बरामद किया जिसकी शिनाख्त लुकास टेटे के रूप में की गई. बाकी के तीन पुलिस कर्मी कहां और किस हालात में हैं इसकी कोई जानकारी अभी नहीं मिल सकी है.
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने इस इलाके में माओवादियों के खिलाफ सघन अभियान छेड़ रखा है. अभी राज्य में 2,400 अर्ध सैनिक बलों के जवान तैनात हैं.
नई दिल्ली में गृहमंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि बिहार की इस मांग पर विचार किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुये इस मसले पर विचार करने के लिये शनिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है.