पूर्व अनुमति के बगैर रुश्दी को वीडियो कांफ्रेंसिंग नहीं करने देंगे: सरकार
मेरी सरकार न्यूज़ सर्विस नई दिल्ली, जनवरी 23, 2012
पुलिस झूठ बोलकर मुझे आने से रोक रही है:रश्दी
सलमान रुश्दी विवाद को नया मोड़ देते हुए राजस्थान सरकार ने सोमवार को कहा कि पूर्व अनुमति के बगैर वह विवादास्पद लेखक को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जयपुर साहित्य समारोह को संबोधित करने की अनुमति नहीं देगी।
भारतीय मूल के लेखक ने एक दिन पहले ही राजस्थान पुलिस पर झूठ बोलकर उन्हें समारोह से अलग रखने का आरोप लगाया था। इस आरोप से राज्य सरकार ने इंकार कर दिया था। राज्य सरकार ने कहा था कि रुश्दी को मारने की सूचना इंटेलिजेंस ब्यूरो ने दी थी और यह षडयंत्र नहीं था।
राजस्थान सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं और आयोजकों ने रुश्दी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के लिये अभी तक कोई अनुमति नहीं मांगी है।
अधिकारी ने कहा कि सरकार पूर्व अनुमति के बगैर इसकी इजाजत नहीं देगी। रुश्दी ने अपनी जान को खतरा बताकर पिछले हफ्ते समारोह का दौरा रद्द कर दिया था और उम्मीद की जा रही थी कि समारोह के अंतिम दिन मंगलवार को वह वीडियो के माध्यम से संबोधित करेंगे, लेकिन कई विवादों के उत्पन्न होने के बाद यह संभावना भी क्षीण होती नजर आ रही है।
यह पूछने पर कि क्या वीडियो संबोधन अब भी संभव है तो समारोह के आयोजकों में शामिल संजय क़े रॉय ने न तो इससे इंकार किया और न ही इसे स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि अब तक जो मैं जानता हूं तो यह संभव है। किसी भी अधिकारी ने अभी तक आपत्ति नहीं जताई है।