फ़्रांस की राजधानी पेरिस में इस्लामिक स्टेट के एक संदिग्ध हमलावर ने पुलिस पर हमला कर 1 पुलिस कर्मी को मौत के घाट उतार दिया है जबकि 2 अन्य घायल हो गये हैं। जवाबी कार्यवाही में हमलावर भी मारा गया है।
इस्लामिक स्टेट ने तुरंत ही हमले को अपने सदस्य द्वारा अंजाम दी गयी कार्यवाही बताया है।
पुलिस ने बताया एक अन्य हमलावर की तलाश जारी है।
पेरिस में गुरुवार रात (20 अप्रैल 2017) को हमले के बाद घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षा कर्मी। (तस्वीर सौजन्य – फ्रांस 24)।
घटना पेरिस के शांज़े लीज़े नाम जगह पर हुई। इसके बाद इस जगह को सील कर दिया गया है। शांज़े लीज़े, पेरिस की मशहूर जगह है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।
फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने इसे एक आतंकी हमला बताया है।
रविवार को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने दुनिया भर में फ्रांस की आंतरिक सुरक्षा की स्थिति पर चिंताओं को बढ़ा दिया है।
आतंकी हमलों की वजह से 2015 से ही फ्रांस में आपातकाल की स्थिति लागू है लेकिन आतंकी हमलों पर रोक लगाना संभव नहीं हो पा रहा है।